
रायपुर : – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर छत्तीसगढ़ में आज से महीनेभर चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत हो रही है। अभियान के तहत प्रदेशभर में ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाकर विशेष आयोजन किए जाएंगे। करीब 40 लाख दीप प्रज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें अकेले रायपुर में लगभग 25 लाख दीये जलाए जाएंगे। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर करीब 12 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

राजधानी रायपुर में शाम 7 बजे महादेव घाट पर विशेष आयोजन होगा। खारुन नदी के दोनों किनारों पर हजारों दीप जलाए जाएंगे और दीपदान के बाद भव्य महाआरती की जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ प्रदेश सरकार के मंत्री, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। रायपुर के कई प्रमुख हिस्से भी दीपों से जगमगाएंगे। मरीन ड्राइव, गौरव पथ और मुख्यमंत्री निवास समेत करीब 13 किलोमीटर के निर्धारित मार्ग पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। बीजेपी महिला मोर्चा की अगुवाई में होने वाले इस कार्यक्रम के जरिए सेवा, जनसहभागिता और सामाजिक गतिविधियों को अभियान से जोड़ने की तैयारी है। आने वाले एक महीने में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अभियान से जुड़े अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।






