
धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने पुलिसवालों को भी कुछ देर के लिए हैरान कर दिया। यहां लोग किसी आरोपी या बदमाश को नहीं, बल्कि एक आवारा बैल को पकड़कर कोतवाली थाने पहुंच गए। लोगों की मांग थी कि इस बैल के खिलाफ FIR दर्ज की जाए और उसे गिरफ्तार किया जाए।बताया जा रहा है कि सुंदरगंज वार्ड में पिछले कई दिनों से एक बेकाबू बैल लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बैल अब तक तीन लोगों को घायल कर चुका है।

इतना ही नहीं, धमतरी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौतम वाधवानी के घर में भी बैल ने जमकर उत्पात मचाया, जिसमें उनके पिता घायल हो गए। लगातार बढ़ती परेशानी के बाद वार्डवासियों का गुस्सा फूट पड़ा।नगर निगम में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए लोगों ने खुद ही बैल को पकड़ लिया। इसके बाद उसे रस्सी से बांधकर वाहन में बैठाया और सीधे कोतवाली थाना पहुंच गए। थाने में लोगों ने पुलिस से बाकायदा बैल के खिलाफ FIR दर्ज करने और उसे हिरासत में लेने की मांग कर डाली। अचानक बैल के साथ पहुंची इस ‘फरियाद’ को देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। पुलिस ने लोगों को समझाया कि आवारा मवेशियों की समस्या से निपटने की जिम्मेदारी नगर निगम की है और इसके लिए संबंधित विभाग से शिकायत की जानी चाहिए। पुलिस की समझाइश के बाद लोगों ने बैल को थाने से वापस ले जाकर कांजी हाउस पहुंचा दिया। इस पूरे मामले ने धमतरी में आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर नगर निगम की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।






