
दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान विदेशी मेहमानों को कूटनीति के साथ भारतीय स्वाद का भी अनुभव मिलेगा। राजधानी के प्रमुख लग्जरी होटलों ने प्रतिनिधियों के लिए खास मेन्यू तैयार किए हैं, जिसमें देश के अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों को आधुनिक अंदाज में पेश किया जाएगा। महाराष्ट्र की भाकरवड़ी, राजस्थान की मिनी कचौड़ी, बंगाल की कुचो निमकी और तमिलनाडु के मुरुक्कू जैसे स्नैक्स मेहमानों की प्लेट का हिस्सा होंगे।

इस खास मेन्यू में बाजरा, सत्तू और दूसरे मिलेट्स को भी प्रमुखता दी गई है। शेफ की कोशिश है कि विदेशी मेहमानों को भारतीय खान-पान की विविधता के साथ पारंपरिक अनाजों और क्षेत्रीय स्वाद से परिचित कराया जाए। इसके साथ गलौटी कबाब, तंदूरी ब्रेड, गुच्छी पुलाव और दिल्ली-6 चिकन कोरमा जैसे लोकप्रिय व्यंजन भी परोसे जाएंगे। मेन्यू में भारतीय स्वाद के साथ कुछ अंतरराष्ट्रीय डिशेज को भी शामिल किया गया है, ताकि अलग-अलग देशों से आए मेहमानों की पसंद का ध्यान रखा जा सके।
वीडियो देखें ; –

खास बात यह है कि कुछ होटलों ने घरेलू रसोई से जुड़ी यादों को भी मेन्यू में जगह दी है। ‘ट्रेडिशन टू टेबल’ थीम के तहत माताओं की रेसिपी से प्रेरित व्यंजनों को तैयार किया गया है, जिसमें नल्ली निहारी जैसे पारंपरिक स्वाद शामिल हैं। यानी BRICS सम्मेलन में मेहमानों के लिए डिनर सिर्फ भोजन नहीं, बल्कि भारत की क्षेत्रीय संस्कृति, परंपरा और स्वाद को दुनिया के सामने पेश करने का एक खास जरिया बनने जा रहा है।




