
नई दिल्ली : – दिल्ली के ओखला फेज-1 में बुधवार को ऑक्सीजन सिलेंडर में हुए जोरदार ब्लास्ट से हड़कंप मच गया। कम्युनिटी हॉल के पास हुई इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और राहत-बचाव की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। घायलों को CATS एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

दिल्ली फायर सर्विसेज के मुताबिक, करीब 11:55 बजे सिलेंडर ब्लास्ट की सूचना मिली थी। इसके बाद चार फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया और पुलिस ने इलाके का जायजा लिया। फिलहाल हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति और घायलों से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।

ब्लास्ट आखिर किन परिस्थितियों में हुआ, इसका जवाब अभी जांच के बाद ही सामने आएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले दिल्ली के विवेक विहार इलाके में भी एक छोटे LPG सिलेंडर में ब्लास्ट के बाद दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। उस घटना में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।




