
रायपुर : – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर छत्तीसगढ़ भाजपा ने बड़े स्तर पर कार्यक्रमों की तैयारी शुरू कर दी है। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि 17 सितंबर को प्रदेशभर में 36 लाख ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए जाएंगे। अभियान के तहत प्रत्येक मतदान केंद्र पर कम से कम 100 दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। भाजपा का कहना है कि इस पहल के जरिए प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना के साथ सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान को सिर्फ एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा गया है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान चलाने की योजना है, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिक भी विभिन्न सेवा गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा ‘सेवा के रंग’ रंगोली प्रतियोगिता, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिता तथा ‘नमो सेवा गाथा’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘जनसेवक महाकुंभ’ में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का सम्मेलन होगा, जबकि ‘25 साल की 25 कहानियां’ कार्यक्रम के जरिए मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी के कार्यकाल से जुड़े बदलावों को प्रस्तुत किया जाएगा।
वहीं इस आयोजन को प्रदेश से बाहर भी जोड़ने की तैयारी है। ‘वडनगर से वाराणसी’ नाम से युवाओं की विशेष यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें 250 बाइकों पर 500 यात्री शामिल होंगे और वडनगर में हाटकेश्वर महादेव का अभिषेक करेंगे। इसके साथ ही 7 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर विशेष मशाल स्थापित करने और प्रमुख चौकों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाने की योजना है। भाजपा के मुताबिक, इन कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा, जनभागीदारी और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।



