
छत्तीसगढ़ में अभी बारिश थमी हुई है, लेकिन मौसम का ये ठहराव ज्यादा लंबा नहीं रहने वाला। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों में प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो सकता है। 10 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी के संकेत हैं। इसी बीच 11 सितंबर के आसपास पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर एरिया बनने की संभावना जताई गई है। अगर यह सिस्टम मजबूत हुआ तो इसका असर छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में दिखाई दे सकता है और लंबे समय से कमजोर पड़े बारिश के दौर में फिर तेजी आ सकती है।

फिलहाल प्रदेश में बारिश सीमित है और पिछले 24 घंटे में भी कुछ ही स्थानों पर हल्की बारिश रिकॉर्ड हुई है। रायगढ़ के धरमजयगढ़ में 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो राजनांदगांव 34.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि पेंड्रा रोड और दुर्ग में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर में भी आज बादल छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

कमजोर बारिश के कारण छत्तीसगढ़ में अब तक सामान्य से करीब 6 फीसदी कम बारिश हुई है। ऐसे में बंगाल की खाड़ी में बनने वाला संभावित सिस्टम प्रदेश के लिए अहम माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 10 सितंबर के बाद कई इलाकों में बारिश का दायरा बढ़ सकता है। यानी फिलहाल शांत नजर आ रहा मानसून एक बार फिर करवट लेने की तैयारी में है और आने वाले दिनों में प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर तेज होने की उम्मीद है।



