
छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा के तीन अधिकारियों के भारतीय प्रशासनिक सेवा यानी IAS कैडर में प्रमोशन की उम्मीद बढ़ गई है। IAS अवार्ड के लिए दिल्ली में विभागीय पदोन्नति समिति यानी DPC की बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में राज्य के मुख्य सचिव विकास शील और सामान्य प्रशासन विभाग के प्रभारी सचिव मुकेश बंसल शामिल होंगे, जबकि बैठक की अध्यक्षता UPSC चेयरमैन डॉ. अजय कुमार करेंगे। समिति अधिकारियों की पात्रता, सेवा रिकॉर्ड और अन्य निर्धारित मापदंडों के आधार पर नामों पर विचार करेगी।

DPC में अभिषेक अग्रवाल, सचिन भूतड़ा और राजीव पांडे के नाम प्रमुखता से चर्चा में बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक इस साल राज्य प्रशासनिक सेवा से IAS में पदोन्नति के लिए पांच पद खाली हैं। हालांकि दो अधिकारियों से जुड़े मामलों के चलते उनके नाम इस बार आगे नहीं बढ़ने की संभावना बताई जा रही है। ऐसे में बाकी तीन अधिकारियों के नाम पर सहमति बनने की उम्मीद जताई जा रही है। इससे पहले इसी प्रक्रिया के तहत पिछले साल सुमित अग्रवाल, संदीप अग्रवाल और आशीष टिकरिया को IAS अवार्ड मिला था।

अब DPC की बैठक के बाद चयनित अधिकारियों के नाम पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अंतिम औपचारिकता केंद्र सरकार की ओर से आदेश जारी होने के बाद पूरी होगी, जिसके बाद संबंधित अधिकारी IAS कैडर में शामिल हो सकेंगे। राज्य प्रशासनिक सेवा से IAS बनना अधिकारियों के करियर की अहम उपलब्धि माना जाता है, इसलिए दिल्ली में होने वाली DPC बैठक पर प्रशासनिक हलकों की खास नजर है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि समिति किन नामों पर अंतिम मुहर लगाती है।




