
रायपुर : – श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर घोषित शुष्क दिवस के बावजूद रायपुर में शराब बिक्री का मामला सामने आया है। मौदहापारा पुलिस ने गली नंबर-1, पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार में दबिश देकर संचालक पलाश मल्होत्रा को शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, बार से चोरी-छिपे शराब निकालकर ग्राहकों को बाहर बेची जा रही थी। कार्रवाई के दौरान 750 एमएल की सिमरन ऑफ मिन्टी जामुन अंग्रेजी शराब की एक बोतल और बिक्री से मिले 2300 रुपए नकद बरामद किए गए। जब्त शराब और नकदी की कुल कीमत 3450 रुपए बताई गई है।

पुलिस को 4 सितंबर की रात सूचना मिली थी कि शुष्क दिवस के बावजूद बार से शराब निकालकर बेची जा रही है। सूचना पर टीम ने निगरानी शुरू की और रात करीब 10:30 बजे कथित तौर पर शराब बिक्री की गतिविधि पकड़ ली। पुलिस ने बताया कि संचालक पलाश मल्होत्रा देवेंद्र नगर निवासी है और पूर्व में उत्तर विधानसभा युवक कांग्रेस अध्यक्ष रह चुका है। वर्तमान में वह प्रदेश महासचिव युवक कांग्रेस के पद का प्रत्याशी बताया जा रहा है।

मामले में बार के सुरक्षा गार्ड की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार शराब बाहर निकालने और बिक्री में उसकी भूमिका सामने आने पर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। शुष्क दिवस के आदेश के उल्लंघन को लेकर पुलिस अब आबकारी विभाग को प्रतिवेदन भेजेगी। बार के लाइसेंस को निलंबित या निरस्त करने संबंधी अंतिम कार्रवाई आबकारी विभाग के स्तर पर होगी।






