
रायपुर: छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच अब कोरोना संक्रमण ने भी दस्तक दे दी है। प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लू के 158 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें 38 केस अभी एक्टिव हैं। इसी बीच रायपुर में पिछले 20 दिनों के दौरान कोरोना के 4 नए मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हलचल बढ़ गई है।

हालांकि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लोगों को घबराने की जरूरत नहीं होने की बात कही है। उनका कहना है कि कोरोना महामारी के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को वैक्सीन लगाई गई थी, जिससे लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता पहले की तुलना में काफी मजबूत हुई है। ऐसे में स्वाइन फ्लू और कोरोना संक्रमण को लेकर अनावश्यक डरने की जरूरत नहीं है।स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति में कोरोना या स्वाइन फ्लू से जुड़े लक्षण दिखाई देते हैं, तो लापरवाही न बरतें। समय पर अस्पताल पहुंचकर जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह के अनुसार उपचार लें।

कैसे फैलता है कोरोना वायरस?
कोरोना संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से संक्रमण फैल सकता है। संक्रमित व्यक्ति के सांस लेने, बोलने, खांसने या छींकने के दौरान निकलने वाली बेहद छोटी बूंदों के जरिए वायरस दूसरे व्यक्ति तक पहुंच सकता है। इसके अलावा संक्रमित सतह को छूने के बाद आंख, नाक या मुंह को छूने से भी संक्रमण का खतरा रहता है।बंद कमरों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर संक्रमण फैलने की संभावना अपेक्षाकृत अधिक हो सकती है।कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए नियमित रूप से साबुन और पानी से हाथ धोना या हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करना जरूरी है। हाथ साफ किए बिना आंख, नाक और मुंह को छूने से बचना चाहिए।स्वाइन फ्लू और कोरोना जैसे संक्रमणों के लक्षण नजर आने पर खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना और समय पर जांच कराना सबसे बेहतर उपाय है।





