
बिलासपुर : – तोरवा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह रेलवे ठेकेदार के सुपरवाइजर की हत्या से सनसनी फैल गई। आरपीएफ कॉलोनी के पास पानी टंकी के नजदीक नरेश कुमार गुप्ता का शव मिला। वह बिहार के आरा जिले का रहने वाला था और पिछले करीब दो वर्षों से बिलासपुर में रहकर रेलवे निर्माण कार्य से जुड़े सामान की निगरानी का काम कर रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही GRP, RPF और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की।

पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक नजर आया है। फुटेज में संदिग्ध के हाथ में हथौड़ा दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए FSL और डॉग स्क्वायड की टीमों को भी बुलाया गया। पुलिस आसपास के लोगों और रेलवे निर्माण कार्य से जुड़े कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस इस मामले में चोरी की आशंका और आपसी रंजिश, दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। वहीं रेलवे स्टेशन से लगे आरपीएफ कॉलोनी जैसे क्षेत्र में हत्या की वारदात होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।




