
मुंगेली : – छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में हुए डबल मर्डर मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लोरमी थाना क्षेत्र के नवलपुर गांव में भाई ने ही अपने सगे भाई और भाभी की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, वारदात की वजह पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा पुराना विवाद था। मामले में पुलिस ने आरोपी नंदु कश्यप (46) को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतकों की पहचान नंदकुमार कश्यप (56) और उनकी पत्नी गौरी बाई कश्यप (52) के रूप में हुई है। पुलिस जांच के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच करीब 8 एकड़ पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना से कुछ दिन पहले खेत की मेड़ को लेकर भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपने भाई की हत्या की साजिश रची और रात में उसके घर पहुंच गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पड़ोसी की बाड़ी की ओर से घर में दाखिल हुआ और सो रहे नंदकुमार पर हमला कर दिया। आवाज सुनकर गौरी बाई जाग गईं और उन्होंने आरोपी को पहचान लिया। इसके बाद आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। वारदात के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी ने घर का सामान अस्त-व्यस्त किया, हत्या में इस्तेमाल हथियार को धोया और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।





