
ढाका : भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट को लेकर शुरू हुई तल्खी अब बढ़ती नजर आ रही है। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने सोमवार को अपने देश में इंडियन प्रीमियम लीग (IPL) के प्रसारण पर बैन लगा दिया है। यह बैन अनिश्चितकाल के लिए लगाया गया है। दरअसल, बांग्लादेश ने यह कदम स्टार तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर करने के बाद उठाया है। बता दे ,आईपीएल 2026 की शुरुआत मार्च में होनी है।

कहां से हुई विवाद की शुरुआत?
भारत और बांग्लादेश के बीच विवाद उस वक्त से गरमा गया है जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर करने कहा था। पूरे विवाद की शुरुआत मुस्तफिजुर को आईपीएल से बाहर करने से शुरू हुई। केकेआर ने पिछले महीने मिनी नीलामी में मुस्तफिजुर को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। लेकिन बीसीसीआई के निर्देश पर केकेआर ने इस बांग्लादेशी गेंदबाज को टीम से बाहर कर दिया। मुस्तफिजुर को लेने पर भारत में विरोध हो रहा था और कई राजनेताओं तथा कथावाचक ने इसे लेकर केकेआर के मालिका शाहरुख खान को घेरा था। मुस्तफिजुर को बाहर करने के बाद बांग्लादेश बौखला गया है।







