
अंबिकापुर : – नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई भीषण बाढ़ के बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गईं अंबिकापुर की डॉ. मीना गुप्ता अब तक लापता हैं। हादसे के बाद कई दिन बीतने के बावजूद परिवार को उनकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। प्रभावित इलाके में संचार व्यवस्था बाधित होने के कारण परिजनों का उनसे संपर्क भी नहीं हो पा रहा है। परिवार और स्थानीय लोग लगातार उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।

डॉ. मीना गुप्ता अंबिकापुर के वरिष्ठ भाजपा नेता करताराम गुप्ता की बेटी हैं और वर्तमान में इंग्लैंड में चर्म रोग विशेषज्ञ के तौर पर कार्यरत हैं। वह करीब 77 लोगों के दल के साथ कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर गई थीं। दल ने 23 अगस्त को यात्रा पूरी की थी। इसके बाद 25 अगस्त को रसुवागढ़ी स्थित आव्रजन कार्यालय में सभी यात्री जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर रहे थे। इसी दौरान ग्यिरोंग क्षेत्र से आई बाढ़ ने इलाके में भारी तबाही मचा दी और एक तीन मंजिला इमारत भी इसकी चपेट में आ गई। घटना के बाद से डॉ. मीना का पता नहीं चल पाया है।

परिवार के मुताबिक, यात्रा के दौरान डॉ. मीना ने वीडियो कॉल के जरिए कैलाश मानसरोवर के दर्शन भी कराए थे और वह काफी खुश थीं। हादसे की खबर मिलने के बाद से परिवार की चिंता बढ़ गई है। बताया गया है कि मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल का विकल्प दिखाई दे रहा है, लेकिन संपर्क स्थापित नहीं हो पा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार भी मामले पर नजर बनाए हुए है और नेपाल स्थित भारतीय दूतावास तथा विदेश मंत्रालय के संपर्क में है। सरकार की ओर से डॉ. मीना समेत लापता लोगों की सुरक्षित तलाश और वापसी के प्रयास किए जा रहे हैं।




