
बिलासपुर के 36 सिटी मॉल स्थित एक्वा वेलनेस स्पा सेंटर में काम करने वाली 22 वर्षीय युवती ने संचालक और उसके भाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दिल्ली निवासी युवती का कहना है कि उस पर ग्राहकों के साथ आपत्तिजनक गतिविधियों में शामिल होने का दबाव बनाया जाता था। विरोध करने पर उसकी सैलरी रोक दी गई। युवती ने पुलिस को बताया कि संचालक उसे प्राइवेट केबिन में बुलाकर अनुचित तरीके से छूता था।

पीड़िता के मुताबिक, बकाया वेतन मांगने के लिए वह 22 अगस्त और फिर 25 अगस्त को स्पा सेंटर पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान संचालक के भाई ने उसके साथ बदसलूकी और मारपीट की। जब युवती ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो उसका मोबाइल छीन लिया गया और तोड़ दिया गया। मारपीट में हाथ और कंधे पर चोट आने की बात भी शिकायत में कही गई है।

युवती ने यह भी आरोप लगाया कि घटना से जुड़े CCTV फुटेज हटाए गए और उसे पुलिस में शिकायत करने पर धमकाया गया। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि स्पा संचालक अमन सेन इससे पहले भी विवाद में रहा है और उसने पूर्व एडिशनल एसपी पर अवैध वसूली के आरोप लगाए थे। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले में लगाए गए आरोपों की सच्चाई स्पष्ट होगी।



