
भागलपुर : – बिहार के भागलपुर जिले में गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। नवगछिया पुलिस जिला क्षेत्र के खरीक प्रखंड स्थित राघोपुर इलाके में मजदूरों से भरी नाव तेज धारा के बीच अचानक पलट गई। हादसे के बाद नदी में अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर पानी की तेज धार में बह गए। बताया जा रहा है कि नाव में कुल 18 मजदूर सवार थे, जो काम के सिलसिले में गंगा पार कर रहे थे। नाव पलटने के बाद 12 मजदूर किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि करीब 6 मजदूरों के लापता होने की आशंका है।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन की टीम और SDRF के जवान मोटरबोट के साथ मौके पर पहुंचे। लापता मजदूरों की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। स्थानीय ग्रामीण भी बचाव दल के साथ तलाश में जुटे हुए हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव पलटने के दौरान कुछ मजदूर उसके नीचे फंस गए होने की आशंका भी जताई जा रही है। इसी वजह से रेस्क्यू टीम नदी में पलटी नाव के आसपास भी लगातार तलाशी अभियान चला रही है।

गंगा की तेज धारा के चलते राहत और बचाव कार्य में टीम को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हादसे से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है, जिसमें नाव पलटने के बाद नदी में अफरा-तफरी का मंजर दिखाई दे रहा है। फिलहाल प्रशासन और SDRF की निगरानी में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। लापता मजदूरों की तलाश के लिए नदी में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।






