
रायपुर: राखी थाना क्षेत्र के एक मामले की विवेचना के दौरान अवैध वसूली और दबाव बनाने की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए प्रोविजनल सब इंस्पेक्टर महेश कुमार ओगरे को निलंबित कर दिया है। रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने 24 अगस्त 2026 को निलंबन आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, महेश कुमार ओगरे थाना राखी के अपराध क्रमांक 10/2026 की विवेचना कर रहे थे। इसी दौरान उनके खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई, जिसमें जबरन दबाव बनाकर पैसे ऐंठने और अवैध वसूली के आरोप लगाए गए। प्रारंभिक जांच में पुलिस विभाग की निष्पक्ष कार्यप्रणाली के अनुरूप आचरण नहीं करने और पद का अनुचित उपयोग किए जाने की बात सामने आई। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीर कदाचरण मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की है। फिलहाल मामले में विभागीय स्तर पर आगे की जांच की जा रही है।





