
सीतापुर: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सीतापुर के धामपुर गांव निवासी 40 वर्षीय राजेश की जिस बेरहमी से हत्या की गई, उसने पुलिस को भी उलझा दिया है। आरोप है कि पत्नी विमला देवी ने धारदार हथियार से पति के पेट पर ऐसा गहरा वार किया कि करीब 37 सेंटीमीटर लंबा चीरा लग गया और आंतें बाहर निकल आईं। घटना के बाद पत्नी छत से कूदकर घायल हो गई। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। हालत में सुधार होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी।

जानकारी के अनुसार राजेश करीब एक वर्ष पहले हरियाणा गया था। वह कुरुक्षेत्र में पिहोवा रोड स्थित राज पैलेस के पास किराये के मकान में पत्नी के साथ रहता था और एक वाटर ट्रेडिंग कंपनी में पानी सप्लाई का काम करता था। मकान मालिक रिंकू के मुताबिक, शनिवार शाम करीब पांच बजे कमरे से पति-पत्नी के चीखने-चिल्लाने की आवाज आई। वह छत पर पहुंचा तो राजेश खून से लथपथ पड़ा था। उसके पेट पर गहरा घाव था। रिंकू के अनुसार, उसने देखा कि राजेश के पेट से बाहर निकली आंतों को विमला एक बोरी में डाल रही थी। मकान मालिक को देखते ही विमला घबरा गई और छत से नीचे कूद गई। गिरने से वह घायल हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। राजेश को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल से तीन चाकू मिलने की बात
पुलिस को घटनास्थल से छोटे-बड़े तीन चाकू मिलने की बात सामने आई है। इन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कौन सा हथियार इस्तेमाल हुआ और घटना के पीछे आखिर क्या वजह थी।
पोस्टमार्टम ने बढ़ाई पुलिस की चिंता
फोरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. गौरव कौशिक के अनुसार, मृतक के पेट पर करीब 37 सेंटीमीटर लंबा और गहरा चीरा था। चीरे के कारण आंतें बाहर निकल आई थीं। पोस्टमार्टम में मृतक के शरीर में करीब आधा लीवर और एक किडनी नहीं मिलने की बात भी सामने आई है। अब पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि ये अंग किन परिस्थितियों में गायब हैं और क्या इनका घटना से कोई संबंध है।
झाड़-फूंक को लेकर भी चर्चा
मकान मालिक के अनुसार, विमला झाड़-फूंक भी करती थी। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। दोनों की शादी को कई वर्ष हो चुके थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। हालांकि, पुलिस अभी हत्या के पीछे किसी एक वजह को अंतिम रूप नहीं दे रही है। घरेलू विवाद से लेकर अन्य सभी संभावित पहलुओं को जांच में शामिल किया गया है।
महिला के ठीक होने का इंतजार
केयूके थाना प्रभारी सुरेंद्र संधू के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद राजेश का शव स्वजन को सौंप दिया गया है। महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसके स्वस्थ होने के बाद पुलिस पूछताछ करेगी। पुलिस वारदात की कड़ियां जोड़ने के साथ हत्या के कारण, हथियार और शरीर से अंग गायब होने के मामले की भी जांच कर रही है।
क्राइम रिपोर्टर की नजर से…
इस वारदात ने पुलिस के सामने केवल हत्या की गुत्थी ही नहीं छोड़ी है, बल्कि पोस्टमार्टम में सामने आए शरीर से अंग गायब होने के तथ्य ने जांच को और गंभीर बना दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि राजेश की हत्या क्यों और किस परिस्थिति में की गई और घटना के बाद शरीर के साथ ऐसा क्या हुआ, जिसकी जानकारी जांच में सामने आनी बाकी है।






