
कांकेर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच अंतागढ़ क्षेत्र से हादसे का मामला सामने आया है। तेज बारिश के कारण अंतागढ़-बीनापाल मार्ग पर गाड़ाघाट नाले के पास सड़क का एक हिस्सा बह गया। दिन में सड़क सामान्य नजर आ रही थी, लेकिन कुछ ही घंटों में पानी के तेज बहाव ने सड़क को काट दिया और वहां गहरा गड्ढा बन गया। रात के अंधेरे में इसी जगह से गुजर रहा एक वाहन हादसे का शिकार हो गया।

जानकारी के अनुसार, 23 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे नारायणपुर के बिजली गांव से चार लोग वाहन से लौट रहे थे। रास्ते में परेशानी के चलते चालक ने अंतागढ़ पहुंचने के लिए दूसरा मार्ग चुना। गोंड बीनापाल से करीब एक किलोमीटर पहले गाड़ाघाट नाले के पास सड़क का बड़ा हिस्सा बह चुका था। अंधेरा होने और पानी का बहाव तेज रहने के कारण चालक को सड़क का कटाव नजर नहीं आया और वाहन सीधे गड्ढे में जा फंसा। हालांकि वाहन में सवार चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

लगातार बारिश के चलते कांकेर जिले के कई इलाकों में सड़क और नालों की स्थिति बिगड़ गई है। कई जगह नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय सड़क के कटाव और जलभराव का खतरा और बढ़ गया है। अंतागढ़ की इस घटना ने भी बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों पर रात में सफर करने के जोखिम को सामने ला दिया है।






