
बिलासपुर : – जिले के तखतपुर क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चों के नदी में बहने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। समडील गांव के रहने वाले बच्चे शनिवार को स्कूल की छुट्टी के बाद घोंघा नदी पार कर घर जा रहे थे। इसी दौरान नदी में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और तीनों बच्चे इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्चों की तलाश शुरू कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर नदी में खोज अभियान चलाया। कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान एक बच्चे का शव बरामद किया गया, जबकि दो अन्य बच्चों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस के अनुसार, नदी में बहने वाले बच्चों की पहचान 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल के रूप में हुई है। तीनों बच्चे ग्राम पंचायत समडील के निवासी बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजन बच्चों के मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस और ग्रामीणों की टीम लगातार नदी के आसपास तलाश कर रही है। थाना प्रभारी अवनीश पासवान के मुताबिक, नदी में पानी कम होने के बावजूद अचानक तेज बहाव आने से यह हादसा हुआ। लापता बच्चों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया जा रहा है, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।






