
मुंबई के पवई इलाके में एक महिला से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, 30 वर्षीय अनिल शिंदे साड़ी पहनकर और किन्नर का भेष बनाकर एक सोसायटी में दाखिल हुआ। उसने सिक्योरिटी गार्ड को भरोसे में लिया और कई फ्लैट्स के दरवाजे खटखटाए। एक महिला के दरवाजा खोलने पर आरोपी ने उसके बीमार पति को ठीक करने और बुरी नजर उतारने का झांसा देकर घर में प्रवेश किया। आरोप है कि अनुष्ठान के बहाने उसने महिला को धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद वह 2 हजार रुपये लेकर फरार हो गया।
घटना 19 अगस्त की बताई जा रही है। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने उसके ऊपर पानी छिड़का और सिर पर हाथ रखने के बाद उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। महिला ने रात करीब 11 बजे पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद FIR दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने सोसायटी और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी साड़ी पहने एक ऑटो रिक्शा से जाते हुए दिखाई दिया। ऑटो के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने चालक का पता लगाया और आरोपी के ठिकाने तक पहुंची।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल शिंदे को कलवा से गिरफ्तार कर लिया। जांच में पुलिस को आरोपी के परिवार के बारे में भी जानकारी मिली है और उसके पहले भी इसी तरह का भेष धारण करने की बात सामने आई है। आरोपी पर दुष्कर्म और आपराधिक धमकी समेत कई धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या उसने इस तरह की किसी अन्य वारदात को भी अंजाम दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।







