
बिलासपुर : – छत्तीसगढ़ से होकर सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में चलने वाले अधोसंरचना विकास कार्य के कारण 25 सितंबर से 14 अक्टूबर 2026 के बीच 18 एक्सप्रेस ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों पर रद्द किया गया है। इसके अलावा उत्कल एक्सप्रेस को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा, जबकि गीतांजलि एक्सप्रेस को निर्धारित समय से दो घंटे देरी से रवाना किया जाएगा।
रेलवे के मुताबिक बंडामुंडा केबिन-ए से राउरकेला रेलखंड के बीच पांचवीं रेल लाइन की कमीशनिंग का काम होना है। इसके लिए अलग-अलग चरणों में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य और ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इस वजह से छत्तीसगढ़ के साथ महाराष्ट्र, झारखंड, पश्चिम बंगाल और बिहार की ओर आने-जाने वाली कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांचने की सलाह दी गई है।
रद्द होने वाली प्रमुख ट्रेनों में इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस, टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस, नांदेड़-सांतरागाछी एक्सप्रेस, हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस, बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस, हटिया-एलटीटी एक्सप्रेस और हावड़ा-सीएसएमटी दुरंतो एक्सप्रेस शामिल हैं। वहीं 18477 पुरी-योग नगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस 30 सितंबर, 1 अक्टूबर और 12 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी। 12860 हावड़ा-सीएसएमटी गीतांजलि एक्सप्रेस 13 अक्टूबर को दो घंटे री-शेड्यूल रहेगी। रेलवे ने यात्रियों से स्टेशन के लिए निकलने से पहले NTES या 139 के जरिए ट्रेन का लाइव स्टेटस जांचने की अपील की है।।





