
रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र में महिला की हत्या और एक अन्य महिला से मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपी देवेन्द्र कुमार साहू उर्फ राकेश उर्फ मंछला (29) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 21 जुलाई को न्यू स्वागत विहार के पास एक खाली प्लॉट में पानी भरे स्थान से महिला का शव मिला था। पोस्टमॉर्टम और जांच के बाद हत्या का मामला सामने आया। वहीं, 5 अगस्त की रात सेजबहार में एक अन्य महिला पर हमला करने की घटना हुई थी। जांच में पुलिस को दोनों मामलों में आरोपी के शामिल होने के सुराग मिले।

पुलिस के अनुसार आरोपी अकेली महिलाओं का साइकिल से पीछा करता था और सुनसान जगह मिलने पर उन पर हमला करता था। दोनों घटनाओं की जांच के लिए पुलिस ने 8 से ज्यादा टीमें गठित कीं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सैकड़ों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्धों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के साथ पुराने अपराधों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान पुलिस को देवेन्द्र के बारे में अहम जानकारी मिली। पूछताछ में आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी महिला अपराध से जुड़े मामले में जेल जा चुका है और 10 साल की सजा काट चुका है। पुलिस के मुताबिक, मृतका बोरियाकला की रहने वाली थी और एक सोसाइटी में खाना बनाने का काम करती थी। 21 जुलाई की सुबह वह काम के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। बाद में पानी भरे स्थान से उसका शव बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की मानसिक स्थिति की जांच भी कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की भी जांच जारी है।





