
छत्तीसगढ़ में मानसून का असर लगातार बना हुआ है और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 17 अगस्त को कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है। अगले 24 घंटे में बलरामपुर, बिलासपुर, जशपुर, कोरबा, रायगढ़ और सरगुजा में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं रायपुर समेत बालोद, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, कोरिया, MCB, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सूरजपुर में भी भारी बारिश का अलर्ट है।

अगले 48 घंटे में कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) और सूरजपुर में तेज बारिश को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी हो सकती है। शहरों में सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित होने की संभावना है, जबकि ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में लोगों को उफनते नदी-नालों को पार करने से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास बना निम्न दबाव का क्षेत्र बारिश को बढ़ा सकता है। इसके साथ मानसून द्रोणिका और अन्य सक्रिय मौसमी प्रणालियों का भी प्रभाव बना हुआ है। 18 से 20 अगस्त तक कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है, जबकि 21 और 22 अगस्त को भी कई इलाकों में बारिश जारी रह सकती है। आने वाले दिनों में उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां ज्यादा रहने का अनुमान है।







