
रायपुर। राजधानी के गंज थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में शुक्रवार दोपहर प्रेमी युगल के बीच विवाद के बाद युवती की चाकू मारकर हत्या और युवक के खुद का गला रेतकर आत्महत्या के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना झूलेलाल चौक के पास स्थित होटल बंसल पैराडाइज के तीसरे तल के कमरा नंबर 401 की बताई जा रही है। वारदात के बाद होटल में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, 14 अगस्त को कमरा नंबर 401 में कृष्ण कुमार भारद्वाज और रिमन मंडावी ठहरे हुए थे। कृष्ण कुमार वाराणसी जिले के मोहावन, दशनंतपुर गोसाई का निवासी बताया गया है, जबकि रिमन मंडावी मोहला-मानपुर जिले के अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है। होटल प्रबंधन के अनुसार, दोनों ने अपने वैध पहचान पत्र प्रस्तुत कर नियमानुसार होटल में चेक-इन किया था। घटना की सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने होटल के कमरे को सुरक्षित कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल विवाद की वजह और वारदात के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़ी जानकारी सामने आ सके।






