
मुंबई के घाटकोपर इलाके में आज तड़के भारी बारिश के बीच भूस्खलन हो गया। हादसा चिराग नगर स्थित गौसिया चॉल में हुआ, जहां पहाड़ का एक हिस्सा गिरने से कई लोग मलबे में दब गए। पुलिस के मुताबिक, हादसे में दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। मलबे में अभी भी छह से आठ लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ। भारी बारिश के कारण पहाड़ी का हिस्सा अचानक खिसककर चॉल पर जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही महाराष्ट्र पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय राहत दल मौके पर पहुंचे। मलबे को हटाकर फंसे लोगों की तलाश की जा रही है। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस भी मौके पर तैनात की गई हैं। बीएमसी के अनुसार, हादसे में दो लोगों के शव अस्पताल पहुंचाए गए हैं। वहीं, 18 वर्षीय सोहेल अंसारी और 14 वर्षीय मोहम्मद अंसारी समेत घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लगातार बारिश के बीच राहत और बचाव कार्य में सावधानी बरती जा रही है। प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।





