
बिलासपुर : रिश्तेदार जेल में था,किसी भी तरह से उसे जमानत दिलानी थी,जिसके लिए कुछ व्यक्तियों ने गजब का ही तरीका निकाला |वह तांत्रिक के चक्कर में पड़ गए और इतना ही नहीं तांत्रिक क्रिया में वो चीफ जस्टिस का फोटो लेकर ही बैठ गए| दरअसल,छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से यह एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है।बताया जा रहा है, कि शुक्रवार देर रात देवरी के श्मशान घाट में चार लोग कथित तौर पर तांत्रिक क्रिया कर रहे थे। ग्रामीणों को जब इसकी भनक लगी, तो वे मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों को आता देख वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और सभी भागने लगे। इस दौरान ऋषिकेश कुमार नाम के एक युवक को पकड़ लिया गया। घटना स्थल की तलाशी लेने पर मछली, नींबू, सिंदूर, नारियल और अन्य पूजा सामग्री मिलने की बात सामने आई है। मामले में सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात तब सामने आई,जब मौके पर रखी तस्वीरों पर ग्रामीणों की नजर पड़ी। इनमें छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा समेत दो अन्य लोगों की तस्वीरें होने का दावा किया जा रहा है। तस्वीरों के साथ कथित तांत्रिक क्रिया किए जाने की बात सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

बिलासपुर पुलिस के मुताबिक,पकड़े गए युवक ऋषिकेश कुमार का रिश्तेदार प्रियांशु चाकूबाजी के मामले में जेल में बंद है। उसकी जमानत याचिका हाईकोर्ट में लंबित होने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है, कि सोशल मीडिया के जरिए कथित तांत्रिक उपाय की जानकारी मिलने के बाद युवक और उसके साथी श्मशान घाट पहुंचे थे।हालांकि, तंत्र साधना का वास्तविक उद्देश्य क्या था और तस्वीरें वहां क्यों रखी गई थीं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रामीणों के साथ पुलिसकर्मी भी मौके पर दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने पकड़े गए युवक से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं फरार तीन लोगों की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है, कि श्मशान घाट में वास्तव में क्या गतिविधि चल रही थी और उसमें शामिल लोगों का मकसद क्या था ?






