
अंबिकापुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले से एक परिवार ने शादी के नाम पर ठगी का आरोप लगाया है। परिवार का दावा है कि विवाह कराने वाले एक दंपती ने रिश्ता तय कराने के एवज में एक लाख रुपये लिए और करीब एक लाख रुपये के जेवर दुल्हन को पहनाए गए। शादी के तीन दिन बाद दुल्हन के कथित तौर पर गायब होने के बाद परिवार ने सरगुजा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
23 मई को लखनपुर में हुई थी शादी
छतरपुर जिले के ग्राम बूढ़ीश्यामर, पंचायत मानकी, चौकी बम्हौरी और थाना बकस्वाहा निवासी रामकली लोधी ने बताया कि उनके बेटे तुलसीदास लोधी की शादी 23 मई 2026 को लखनपुर क्षेत्र की एक महिला से हुई थी। परिवार के अनुसार, गांव में आने-जाने वाले एक दंपती ने यह रिश्ता तय कराया था। परिवार का कहना है कि लड़की के चाचा के रूप में बोधराम नाम के व्यक्ति का परिचय कराया गया था। शादी लखनपुर के एक शिव मंदिर में हुई। विवाह कराने के बदले दंपती ने एक लाख रुपये नकद लिए। इसके अलावा करीब एक लाख रुपये के जेवर दुल्हन को पहनाए गए। शादी के बाद दुल्हन छतरपुर स्थित ससुराल पहुंची और तीन दिन तक वहां रही। परिवार के मुताबिक, चौथे दिन रात में वह शौच जाने की बात कहकर घर से निकली और फिर वापस नहीं लौटी। बाद में परिवार को जानकारी मिली कि कुछ लोग उसे कथित तौर पर बम्हौरी से अपने साथ ले गए हैं।
कथित तौर पर फिर मांगे 50 हजार रुपये
परिवार के अनुसार, जब तुलसीदास अपनी कथित पत्नी को लेने उसके मायके पहुंचा तो उसने साथ आने से इनकार कर दिया। परिवार का आरोप है कि वहां महिला ने शादी से ही इनकार किया और कहा कि ऐसी शादियां पहले भी कई लोगों से कराई जा चुकी हैं। परिवार के मुताबिक, महिला ने यह भी कहा कि उसे कुछ दिनों के लिए ‘किराए पर’ ले जाया जाता है और फिर वापस बुला लिया जाता है। इसके बाद लड़की पक्ष की ओर से कथित तौर पर 50 हजार रुपये की मांग की गई। परिवार का कहना है कि उन्हें कहा गया कि पैसे देने के बाद ही महिला को उनके साथ भेजा जाएगा।
एसएसपी से कार्रवाई की मांग
पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह पूरी घटना सुनियोजित ठगी का हिस्सा है। उनका कहना है कि विवाह एजेंट के माध्यम से शादी कराकर नकद रकम और जेवर लिए गए और अब दोबारा पैसे की मांग की जा रही है। शिकायत में मोबाइल फोन चोरी होने का भी उल्लेख किया गया है। रामकली लोधी ने सरगुजा के एसएसपी से मामले की जांच कर संबंधित दंपती और अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने एक लाख रुपये नकद और करीब एक लाख रुपये के जेवर वापस दिलाने की भी मांग की है। परिवार शादी से जुड़े कपड़े और मौर-मुकुट लेकर लखनपुर थाने से लेकर अंबिकापुर शहर तक अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है। अब परिवार को पुलिस जांच और कार्रवाई का इंतजार है।





