
रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार ने ग्रामीण विकास और रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत जी रामजी (VB-G Ram G) योजना’ लागू कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह योजना 1 जुलाई 2026 से प्रभावी हो चुकी है। इसके तहत ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस वर्ष योजना के तहत करीब 6,855 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल रोजगार उपलब्ध कराने की योजना नहीं है, बल्कि गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, आजीविका के नए अवसर पैदा करने और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का व्यापक अभियान है।

15 अगस्त से शुरू होंगे तीन विशेष अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 अगस्त से 26 जनवरी तक योजना के तहत विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इनमें सबसे प्रमुख ‘मेरी बेटी मेरा अभियान’ होगा, जिसके तहत प्रदेश के 6,671 स्कूलों में छात्राओं के लिए शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा।इसके अलावा ‘मोर गांव, मोर पानी’ अभियान के तहत 10,027 सूखे नलकूपों को रिचार्ज करने के लिए रिचार्ज वेल बनाए जाएंगे। इन अभियानों का उद्देश्य जल संरक्षण को बढ़ावा देना और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है।
318 प्रकार के विकास कार्य होंगे
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के अंतर्गत कुल 318 प्रकार के विकास कार्य किए जाएंगे। इनमें—
- 107 प्रकार के जल संरक्षण कार्य
- 90 प्रकार के ग्रामीण विकास कार्य
- 86 प्रकार के आजीविका संवर्धन कार्य
- 35 प्रकार के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्य
शामिल हैं। इसके अलावा गांवों में पुस्तकालय, पशु चिकित्सालय और अन्य आवश्यक सार्वजनिक सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा।
मुक्तिधाम, प्रतीक्षालय और पशुपालन पर भी रहेगा फोकस
योजना के तहत प्रदेश में 6,524 मुक्तिधाम और प्रतीक्षालयों का निर्माण कराया जाएगा, जिस पर करीब 391 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। साथ ही पशुपालन से जुड़ी अधोसंरचना विकसित कर ग्रामीणों की आय बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
आपदा प्रबंधन और स्थायी विकास पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि योजना के तहत बाढ़, आग और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए भी आवश्यक कार्य किए जाएंगे। जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न परियोजनाओं को लागू किया जाएगा।उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को उनके गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना और स्थायी विकास को गति देना है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि VB-G Ram G योजना छत्तीसगढ़ के गांवों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विकसित भारत “G RAM G”, सीएम विष्णुदेव साय ने बताई खूबियां, 26 जनवरी तक तीन अभियान पूरे करने पर जोर…







