
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को कई राज्यों के लिए मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले दो से तीन घंटों के दौरान कई इलाकों में तेज आंधी, बिजली गिरने, भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। पंजाब के पटियाला जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। लोगों से अपील की गई है कि वे बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

आईएमडी ने पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना, संगरूर और एसएएस नगर, जबकि उत्तर प्रदेश के अमेठी, अयोध्या, बाराबंकी, फतेहपुर, हरदोई, कानपुर देहात, कानपुर नगर, लखनऊ, प्रतापगढ़, रायबरेली और उन्नाव में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा केरल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, पश्चिम बंगाल, नागालैंड, असम, हरियाणा और उत्तराखंड के कई जिलों में भी तेज बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में लोगों को मौसम खराब होने के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 4 से 7 अगस्त के बीच बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका को देखते हुए यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से मानसून कमजोर पड़ा हुआ है, जिससे उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मंगलवार सुबह कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि दिन में भी बारिश की संभावना जताई गई है। आईएमडी ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश से लोगों को उमस से कुछ राहत मिल सकती है, हालांकि भारी बारिश की संभावना फिलहाल कम है।आईएमडी ने लोगों से मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी केवल आधिकारिक स्रोतों से लेने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि बदलते मौसम को देखते हुए नागरिक सतर्क रहें और बिजली कड़कने या तेज आंधी के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचें।






