
रायपुर : श्रावण मास के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर के महादेव घाट स्थित प्राचीन श्री हटकेश्वर नाथ महादेव मंदिर में आयोजित सहस्त्रधारा अनुष्ठान श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शामिल होकर भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और जलाभिषेक किया।सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भगवान हटकेश्वर नाथ महादेव के समक्ष प्रदेश और क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि तथा उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से समाज में खुशहाली, सौहार्द और सकारात्मक वातावरण बना रहे।अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। भक्तों ने भी सहस्त्रधारा अभिषेक में भाग लेकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन में भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला।
यह आयोजन श्रद्धेय स्वर्गीय दाऊ श्री प्रभात अग्रवाल जी की पुण्य स्मृति में आयोजित किया गया था। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इस अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दाऊ प्रभात अग्रवाल जी का पूरा जीवन समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने हमेशा समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता और क्षेत्र के विकास के लिए कार्य किया। बृजमोहन अग्रवाल ने स्वर्गीय दाऊ प्रभात अग्रवाल जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके सेवा कार्य और सामाजिक सरोकार हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे। उनकी स्मृतियां समाज के लिए सदैव मार्गदर्शक बनी रहेंगी।






