
दुर्ग। दुर्ग में सोमवार से अत्याधुनिक स्मार्ट पंजीयन कार्यालय की शुरुआत होगी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद संपत्ति की रजिस्ट्री महज 15 से 20 मिनट में पूरी हो सकेगी। कार्यालय का शुभारंभ वित्त एवं वाणिज्यिक कर मंत्री ओपी चौधरी करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव करेंगे।
जिला पंजीयक प्रियंका श्रीरंगे ने बताया कि कार्यालय में ई-अपॉइंटमेंट, डिजिटल हस्ताक्षर, बायोमेट्रिक सत्यापन, डिजिटल फोटोग्राफी और दस्तावेजों की स्कैनिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पंजीकृत दस्तावेजों की प्रमाणित प्रति सीधे आवेदक के व्हाट्सएप पर भेजी जाएगी और सभी भुगतान ऑनलाइन किए जा सकेंगे। नई व्यवस्था में भूमि की रजिस्ट्री के साथ ही स्वतः नामांतरण की सुविधा भी मिलेगी। इसके अलावा कार्यालय में वातानुकूलित प्रतीक्षालय, डिजिटल टोकन प्रणाली, हेल्प डेस्क, निशुल्क वाई-फाई और दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।






