
रायपुर: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की मौत पर राज्य सरकार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सक्ती जिले के निवासी दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी भूपेंद्र भैना के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के विरुद्ध अपराध है। ऐसे कायराना हमलों का सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार दोनों दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में हर संभव मदद के लिए परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ तत्काल समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करेगी। यह अधिकारी मृतकों के परिजनों को सहायता उपलब्ध कराने, आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा कराने और पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने दोहराया कि छत्तीसगढ़ सरकार हर कदम पर पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी रहेगी।





