
रायपुर के तेलीबांधा इलाके में देर रात करीब 1 बजे भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग सबसे पहले एक हार्डवेयर दुकान में लगी और देखते ही देखते ऑक्टोपस बार समेत आसपास की चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तेज बारिश के बीच भी आग इतनी विकराल थी कि उस पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटों की कोशिश के बाद सुबह आग पर काबू पाया जा सका।

न्यूज़ टुडे संवाददाता से टेलीफोनिक बातचीत में तेलीबांधा टीआई अजय झा ने बताया कि आग हार्डवेयर दुकान से शुरू हुई थी। ऑक्टोपस बार समेत तीन दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। आग की चपेट में आने से आसपास खड़ी गाड़ियों के भी जलने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।






