
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर कडू नाला के पास कुल्लू से पांगी जा रही एक टाटा सूमो टैक्सी अचानक पहाड़ी से गिरी भारी चट्टानों और मलबे की चपेट में आ गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में चालक समेत करीब 14 लोग सवार थे। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई यात्रियों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। घटना के बाद बीआरओ, पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। एक घायल को मलबे से निकालकर अस्पताल भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जिला प्रशासन के अधिकारी और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं। मलबा हटाने का काम युद्ध स्तर पर जारी है और अन्य यात्रियों की तलाश की जा रही है। प्रशासन ने मृतक की पहचान और बाकी यात्रियों की स्थिति पर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।






