
बहराइच: जिले के बिशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आरोप है कि 27 वर्षीय युवक छैलू ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी मां कन्या देवी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। मृतका के पति भगवानदीन के अनुसार, उनका बेटा घर और खेत के कामों में सहयोग नहीं करता था। गुरुवार सुबह वह आटा लेने बाहर गए थे। उस समय छैलू का अपनी मां से भोजन को लेकर विवाद हो रहा था। जब वह लौटे तो उनकी पत्नी खून से लथपथ पड़ी मिलीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कन्या देवी घर के बाहर जा रही थीं, तभी आरोपी ने पीछे से उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग उन्हें बचाने पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी धमकाया। गंभीर चोटों के कारण कन्या देवी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप कुमार द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी हर्षिता तिवारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।






