
चंडीगढ़: भारत-अमेरिका प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के विरोध में पंजाब के किसानों ने सरवन सिंह पंढेर के नेतृत्व में दिल्ली कूच का ऐलान किया है। इसके तहत बड़ी संख्या में किसान शंभू और खनौरी बॉर्डर पर जुटे, जिसके बाद प्रशासन ने दोनों सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी।

हालात को देखते हुए शंभू बॉर्डर सील कर दिया गया है और आसपास के क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 लागू कर दी गई है। हरियाणा पुलिस ने बैरिकेडिंग, कंक्रीट स्लैब और भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं। वहीं, दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेसवे पर भी यातायात रोक दिया गया है और लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है। किसान संगठनों का कहना है कि प्रस्तावित FTA से सस्ते कृषि और डेयरी उत्पादों का आयात बढ़ सकता है, जिससे भारतीय किसानों और स्थानीय व्यापारियों को नुकसान होगा। दूसरी ओर, प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।





