
मेक्सिको। दक्षिणी राज्य चियापास के तट पर शुक्रवार को 7.4 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया। झटके इतने तेज थे कि प्यूर्टो मडेरो में एक इमारत हिलती नजर आई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अमेरिकी एजेंसी USGS के मुताबिक भूकंप का केंद्र प्यूर्टो मडेरो के पास 10 किलोमीटर की गहराई में था। इसके बाद करीब 10 लाख लोगों के लिए सुनामी अलर्ट जारी कर दिया गया। अधिकारियों ने तटीय इलाकों के लोगों से तुरंत सतर्क रहने और समुद्र किनारे से दूर रहने की अपील की है।
भूकंप के झटके ग्वाटेमाला और अल साल्वाडोर तक महसूस किए गए। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, भूकंप के केंद्र से करीब 300 किलोमीटर तक सुनामी की ऊंची लहरें उठ सकती हैं। यह इलाका पैसिफिक रिंग ऑफ फायर में आता है, जिसे दुनिया का सबसे सक्रिय भूकंपीय क्षेत्र माना जाता है।






