
रायपुर। NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर नई दिल्ली में चल रहे आंदोलन को जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) का समर्थन मिला है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी आंदोलन स्थल पहुंचे और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पिछले 19 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

अमित जोगी ने कहा कि देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। उनका कहना था कि यदि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं, तो इससे छात्रों का भरोसा कमजोर होता है। उन्होंने सोनम वांगचुक के संघर्ष का समर्थन करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी के अध्यक्ष अभिजीत दीपके से भी मुलाकात की।

अमित जोगी ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण आंदोलन जनता की आवाज़ होता है और सरकार को छात्रों व आंदोलनकारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी तथा शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग जारी रखेगी।




