
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव (गिरजाबंद) में नशे में धुत एक युवक ने अपने लकवाग्रस्त और बिस्तर पर पड़े 65 वर्षीय पिता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी मां की भी हत्या करने के इरादे से बहन के घर पहुंच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक रिखी राम सूर्यवंशी लंबे समय से पैरालिसिस से पीड़ित थे और चलने-फिरने में असमर्थ थे। उनका बेटा शिवचरण सूर्यवंशी नशे का आदी बताया जा रहा है और अक्सर माता-पिता के साथ मारपीट करता था। घटना वाली रात भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा। विवाद के दौरान उसने अपने पिता के सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी अपनी मां को ढूंढते हुए बहन के घर पहुंचा और दरवाजा तोड़ने की कोशिश करने लगा। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।



