
जम्मू। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले के करोल क्षेत्र में गुरुवार दोपहर अमरनाथ यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, श्रीनगर से जम्मू जा रही बस का टायर फटने के बाद आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई। बस में सवार राजस्थान के 47 श्रद्धालुओं सहित चालक और परिचालक समेत कुल 54 लोगों को सुरक्षाबलों, पुलिस, एसडीआरएफ, सीआरपीएफ, अग्निशमन विभाग और जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग बुझाने के दौरान दमकल विभाग के जवान एसजीसीटी मनहर लाल भट्ट झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए जीएमसी जम्मू रेफर किया गया।

आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे यात्रियों का सामान और निजी वस्तुएं पूरी तरह जलकर राख हो गईं। श्रद्धालुओं के पास केवल उनके पहने हुए कपड़े ही बच सके। रामबन प्रशासन ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की पुष्टि करते हुए उनके भोजन, ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की। बाद में सभी श्रद्धालुओं को दूसरी बस से जम्मू के लिए रवाना कर दिया गया। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है, जबकि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी लेकर प्रभावित यात्रियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।




