
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून के बीच मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कहीं धूप तो कहीं बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। बुधवार को राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि गुरुवार (आज) के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और शाम के समय बारिश होने के आसार हैं।

बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे हल्की बारिश के बावजूद उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल के पास बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर छत्तीसगढ़ पर पड़ रहा है। इसी वजह से खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।




