
दिल्ली में पुराने कपड़ों के बेहतर उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए नई पहल शुरू की गई है। अब लोग अपने पुराने और इस्तेमाल किए गए कपड़े दिल्ली मेट्रो के 10 चुनिंदा स्टेशनों पर बनाए जाने वाले ‘अर्पण’ संग्रह केंद्रों में जमा कर सकेंगे। इस योजना की शुरुआत के लिए डीएमआरसी और अन्य संबंधित संस्थाओं के बीच समझौता किया गया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पुराने कपड़ों को कचरे के ढेर और लैंडफिल में जाने से रोकना, टेक्सटाइल कचरे को कम करना और रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देना है। उनके अनुसार, एकत्र किए गए उपयोगी कपड़ों से स्वयं सहायता समूह बैग और सजावटी सामान जैसे उत्पाद तैयार करेंगे, जबकि अनुपयोगी कपड़ों को रीसाइकल कर नए उत्पादों और कच्चे माल में बदला जाएगा। योजना के तहत शाहदरा, डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर अस्पताल, मालवीय नगर, हौज खास, द्वारका, मोहन एस्टेट, लाजपत नगर, मयूर विहार फेज-1, पंजाबी बाग वेस्ट और शालीमार बाग मेट्रो स्टेशनों पर ‘अर्पण’ संग्रह केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर लोग रोजाना सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक अपने पुराने कपड़े दान कर सकेंगे। दान करने वाले लोगों को उनके योगदान के लिए एक प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा।






