
अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। बुधवार सुबह जिला जेल से आरोपी रमाशंकर मिश्रा और सुभाष चंद्र श्रीवास्तव को 14 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया। दोनों को जेल से निकालने के बाद पुलिस लाइन स्थित अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसके बाद उनसे गहन पूछताछ शुरू की गई।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों से चोरी की पूरी साजिश, चढ़ावे की रकम और उसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर उनकी निशानदेही पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लाइन परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

इस मामले में पुलिस अब तक चार आरोपियों से कस्टडी रिमांड पर पूछताछ कर चुकी है। उनकी निशानदेही पर नकदी, आभूषण और दो चारपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने अदालत से सात दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने दोनों आरोपियों की 14 घंटे की पुलिस कस्टडी मंजूर की। अब जांच एजेंसी को पूछताछ से कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।







