
नई दिल्ली: पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश और हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। रविवार रात 9 बजे पुराने लोहे के पुल के पास नदी का जलस्तर 203.33 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से करीब दो मीटर नीचे है। प्रशासन ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, यमुना का चेतावनी स्तर 204.50 मीटर है। हालांकि जलस्तर बढ़ने के बावजूद फिलहाल बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है। प्रशासन का कहना है कि पुराने लोहे के पुल के समानांतर नया रेलवे पुल बन चुका है, इसलिए जलस्तर और बढ़ने की स्थिति में भी रेल सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका नहीं है। वहीं, दिल्ली में पिछले दो दिनों से बारिश नहीं होने के कारण उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवा में नमी अधिक होने से फील्स लाइक तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। धूल भरी आंधी के असर से राजधानी की हवा भी ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गई और AQI 261 दर्ज किया गया।





