
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या, बस्ती और गोरखपुर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे अयोध्या में करीब 432.70 करोड़ रुपये की 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। वहीं बस्ती में 504.34 करोड़ रुपये की 77 परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम के तहत सोहावल में पूर्व मंत्री मुन्ना सिंह की प्रतिमा का अनावरण और हर्रैया में एक कंपोजिट विद्यालय का भूमि पूजन भी किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, प्रमाण-पत्र और सहायता सामग्री भी वितरित की जाएगी।

अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री अयोध्या और बस्ती में जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और विकास कार्यों को गति देना है। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करेंगे और उन्हें सरकारी सहायता का वितरण करेंगे। दौरे से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने कार्यक्रम की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि जब विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है, तभी सुशासन पर लोगों का भरोसा मजबूत होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या और बस्ती में शुरू होने वाली नई विकास परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने दोहराया कि डबल इंजन सरकार का लक्ष्य विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ हर नागरिक और हर परिवार तक पहुंचाना है।





