
CG Accident News: छत्तीसगढ़ में सप्ताह की शुरुआत सड़क हादसों के साथ हुई। बलरामपुर, बलौदा बाजार और बिलासपुर से अलग-अलग दुर्घटनाओं की खबरें सामने आई हैं। कहीं दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर के बाद दोनों वाहन आग की चपेट में आ गए, तो कहीं स्कूल बस और कार की भिड़ंत हो गई। इन हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं।
बलरामपुर में दो बाइकों की टक्कर के बाद लगी आग
बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में चुरैला नाला के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों में तुरंत आग लग गई। हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बलौदा बाजार में स्कूल बस और कार की भिड़ंत
बलौदा बाजार में कोतवाली थाना के सामने डीपीएस वर्ल्ड स्कूल, खम्हरिया की स्कूल बस और एक कार के बीच टक्कर हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस चालक ने मोटरसाइकिल सवार दंपति को बचाने की कोशिश में कार को टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित रहे, लेकिन एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। लगातार हो रहे सड़क हादसों के बाद शहर की यातायात व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बिलासपुर में पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार
बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित नेहरू नगर में देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। बताया जा रहा है कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन सड़क के बीच जा पहुंचा। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय सड़क पर कोई अन्य वाहन मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी हुई है।







