
पीएम मोदी ने आज जापानी समकक्ष ताकाइची से मुलाकात की। राष्ट्रपति भवन में जापानी प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। सैनिकों की टुकड़ी ने जापानी प्रधानमंत्री के सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर भी पेश किया। औपचारिक स्वागत के दौरान सैनिकों के दल ने संगीत की प्रस्तुति भी दी।

भारत में पीएम ताकाइची के कार्यक्रम पर विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया कि दोनों शीर्ष नेताओं के बीच आज अहम द्विपक्षीय बैठक होगी। इस बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से संवाद होगा।

बातचीत का मुख्य फोकस आर्थिक सुरक्षा और ऊर्जा सुरक्षा रहेगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए दोनों देश अपने रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करना चाहते हैं। साथ ही, जापान और भारत के बीच ‘विशेष रणनीतिक वैश्विक साझेदारी’ को और आगे बढ़ाने तथा आपसी सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा होगी।

इससे पहले खुद पीएम ताकाइची ने कहा था कि भारत, जापान की तरह एशिया का एक प्रमुख लोकतांत्रिक देश है और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ ‘फ्री एंड ओपन इंडो-पैसिफिक’ (एफओआईपी) की दिशा में प्रयासों पर भी चर्चा होगी। इस दौरान जापान, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और भारत के ढांचे से जुड़े सहयोग पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।






