
रायपुर : छत्तीसगढ़ के कई शहरों में बढ़ता वायु प्रदूषण लोगों की सेहत के लिए खतरा बनता जा रहा है। ठंड बढ़ने के साथ हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है। सोमवार रात आठ बजे के बाद स्थिति और खराब हो गई, राजधानी रायपुर का AQI 366 के पार पहुंच गया, जो ‘Very Poor’ श्रेणी में आता है। इसके अलावा भिलाई में 283, रायगढ़ में 274, बिलासपुर में 213, कोरबा में 148 और अंबिकापुर में 131 एक्यूआई दर्ज किया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि यह स्तर खासकर अस्थमा, हृदय रोगियों और सांस के मरीजों के लिए बेहद खतरनाक है।

रायपुर के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता लगातार गिर रही है। सर्द मौसम, कम हवा की गति और घटता तापमान प्रदूषक कणों को ऊपर उठने नहीं देता, जिससे PM 2.5 और PM 10 लंबे समय तक हवा में बने रहते हैं। आने वाले 2–3 दिनों में ठंड और बढ़ने तथा कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है, जिससे प्रदूषण और बढ़ सकता है।

अलग–अलग शहरों का AQI
- रायपुर – 366 से अधिक (अत्यंत खराब)
- भिलाई – 283 (बहुत खराब)
- रायगढ़ – 274 (बहुत खराब)
- बिलासपुर – 213 (खराब)
- कोरबा – 148 (मध्यम से खराब)
- अंबिकापुर – 131 (मध्यम से खराब)

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार राजधानी और औद्योगिक क्षेत्रों में PM 2.5 का स्तर 60–129 और PM 10 का स्तर 80–140 तक पहुंच गया है, जो तय सीमा से काफी ज्यादा है।इस साल दिसंबर में वायु गुणवत्ता पिछले दो सालों की तुलना में कहीं ज्यादा खराब दर्ज की गई है। PM 2.5 में 60% तक कार्बन कण पाए जा रहे हैं, जो खून को गाढ़ा कर हार्ट अटैक और अचानक मौत के खतरे को बढ़ाते हैं। इसके साथ ही कोविड के बाद कमजोर प्रतिरोधक क्षमता और सिकलसेल रोगियों की अधिक संख्या स्थिति को और गंभीर बना सकती है।





