
फिरोजाबाद में तेज आंधी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सड़क से गुजर रहे एक ई-रिक्शा पर अचानक नीम का पेड़ गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह हादसा थाना फरिहा क्षेत्र के गांव पृथ्वीपुर चिडरई के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, ई-रिक्शा सड़क से गुजर रहा था, तभी तेज हवा के बीच अचानक एक बड़ा नीम का पेड़ वाहन पर गिर पड़ा। हादसे के समय ई-रिक्शा में कुल 7 लोग सवार थे।

पेड़ गिरते ही ई-रिक्शा पूरी तरह दब गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दबे हुए लोगों को बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी थी। हादसे में घायल महिला और बच्चे को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों की पहचान हरेश, विष्णु, गजेंद्र, अमन और गंगा सिंह के रूप में हुई है। सभी अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने का आश्वासन भी दिया है।







