
रणबीर कपूर की ‘रामायण’ को लेकर बड़ा दावा, क्या टूट जाएगा 3300 करोड़ का रिकॉर्ड?
रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ साल 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में गिनी जा रही है। फिल्म को लेकर लंबे समय से चर्चा बनी हुई है और रिलीज से पहले ही इसकी संभावित कमाई को लेकर बड़े अनुमान सामने आने लगे हैं। निर्देशक नितेश तिवारी इस प्रोजेक्ट को दो भागों में बड़े स्तर पर सिनेमाघरों में लाने की तैयारी में हैं। इसी बीच मशहूर थिएटर ओनर और फिल्म ट्रेड एनालिस्ट विश्वेक चौहान ने बड़ा दावा किया है। उनका मानना है कि अगर फिल्म दर्शकों से जुड़ने में सफल रही, तो यह बॉक्स ऑफिस पर कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ सकती है। उन्होंने यहां तक कहा कि कमाई के मामले में यह 3300 करोड़ रुपये के आंकड़े को भी चुनौती दे सकती है।
‘धुरंधर’ की सफलता का दिया उदाहरण
एक बातचीत के दौरान विश्वेक चौहान ने ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसी फिल्मों की सफलता का बड़ा कारण उनका इमोशन, एक्शन और मनोरंजन का संतुलन होता है। उनके मुताबिक दर्शकों को ऐसी कहानियां पसंद आती हैं, जिनमें मजबूत किरदार और भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिले।
रामायण से जुड़ी बड़ी उम्मीदें
विश्वेक चौहान के अनुसार ‘रामायण’ सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि भारतीय दर्शकों की भावनाओं से जुड़ा विषय है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी सीता के किरदार में नजर आएंगी। वहीं यश रावण और सनी देओल हनुमान की भूमिका निभाएंगे उन्होंने कहा कि फिल्म को लेकर शुरुआती चर्चा सकारात्मक है और स्टारकास्ट के साथ इसका विजुअल स्केल दर्शकों को थिएटर तक खींच सकता है। उनका मानना है कि अगर कंटेंट दर्शकों के दिल तक पहुंचा, तो फिल्म की कमाई के लिए कोई सीमा तय नहीं की जा सकती।
आदिपुरुष से तुलना भी आई सामने
विश्वेक चौहान ने उदाहरण देते हुए कहा कि ‘आदिपुरुष’ ने अच्छी शुरुआती कमाई की थी, लेकिन कंटेंट दर्शकों के साथ लंबे समय तक जुड़ नहीं पाया। ऐसे में ‘रामायण’ के लिए सबसे बड़ी चुनौती दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरना होगी।
कब रिलीज होगी फिल्म?
‘रामायण’ दो भागों में रिलीज की जाएगी। पहला भाग दिवाली के आसपास 6 नवंबर को सिनेमाघरों में आने की तैयारी में है, जबकि दूसरा भाग अगले साल दिवाली पर रिलीज किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स में दोनों पार्ट्स का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।







